रायपुर में पुलिस की मेगा नाकेबंदी, 35 प्रमुख चौराहों पर सघन जांच अभियान
रायपुर। राजधानी में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने शुक्रवार को शहर के 35 प्रमुख स्थानों पर एक साथ मेगा नाकेबंदी अभियान चलाया। अभियान के दौरान वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई।

पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलने वाले वाहनों, बिना वैध दस्तावेज के वाहन चला रहे लोगों तथा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी। जांच के दौरान वाहनों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया और संदिग्ध पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों की आवाजाही पर रोक लगाना, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण स्थापित करना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है।
रायपुर पुलिस ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के मेगा नाकेबंदी अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे। नागरिकों से भी पुलिस जांच में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
