महानदी भवन की कर्मचारी बस में भीषण आग, 30 से ज्यादा कर्मचारी थे सवार
नवा रायपुर। महानदी भवन के कर्मचारियों को लेकर जा रही बस नंबर 3073 में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई। घटना के समय बस में 30 से अधिक शासकीय कर्मचारी सवार बताए जा रहे थे। चलती बस में अचानक आग भड़कने से कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कई कर्मचारियों ने बस से कूदकर बाहर निकलने की कोशिश की।


https://www.instagram.com/reel/Ddob0WPCott/?utm_source=ig_web_copy_link&stkn=MzRlODBiNWFlZA==
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस आग की चपेट में आ गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। हालांकि कर्मचारियों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने में देरी हुई, जिसके चलते बस पूरी तरह जल गई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। हादसे में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2013 से महानदी भवन और इंद्रावती भवन से रायपुर आने-जाने के लिए कर्मचारियों के लिए बसों का संचालन किया जा रहा है। कर्मचारियों के अनुसार वर्तमान में इस रूट पर 70 से अधिक बसें संचालित हो रही हैं।
बसों के मेंटेनेंस पर कर्मचारियों ने उठाए सवाल
घटना के बाद कर्मचारियों ने बसों की फिटनेस और रखरखाव को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बसों का समय पर मेंटेनेंस और सर्विसिंग नहीं कराई जाती। इसके अलावा बस चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण को लेकर भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की बात कर्मचारियों ने कही है।
बस में आग लगने की घटना के बाद कर्मचारियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि कर्मचारियों को रोजाना लाने-ले जाने वाली बसों की फिटनेस, नियमित मेंटेनेंस और सुरक्षा मानकों की निगरानी गंभीरता से की जानी चाहिए।
फिलहाल घटना के बाद आग लगने के कारणों की जांच का इंतजार है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह और बस की फिटनेस से जुड़े पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

