रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में बाढ़ जैसे हालात, उफनाईं नदियां-नाले, कई
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग सबसे अधिक प्रभावित हैं, जहां लगातार वर्षा के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। शिवनाथ, खारुन, इंद्रावती समेत अधिकांश नदियां और नाले उफान पर हैं।

बारिश के कारण प्रदेश के 100 से अधिक गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से टूट गया है, जबकि कई गांव चारों ओर पानी से घिरकर टापू में तब्दील हो गए हैं। कई स्थानों पर पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है और राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। संवेदनशील इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
