अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन, 78 वर्ष की उम्र में हैदराबाद
रायपुर। छत्तीसगढ़ की अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन की खबर सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्होंने हैदराबाद के एक अस्पताल में 78 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और फेफड़ों की समस्या से जूझ रहे थे। उनका उपचार हैदराबाद में चल रहा था।

1948 में हुआ था जन्म
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का जन्म वर्ष 1948 में हुआ था। उन्होंने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से वर्ष 1985 में राजनीति विज्ञान में एम.ए. तथा बी.एड. की शिक्षा प्राप्त की थी। राजनीति में आने से पहले वे शिक्षा, सरकारी सेवा और कृषि क्षेत्र से जुड़े रहे। इसके अलावा सतनामी समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही।
2008 में पहली बार बने थे विधायक*
वर्ष 2008 में परिसीमन के बाद अहिवारा विधानसभा सीट अस्तित्व में आई। इसके बाद भाजपा ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया और वे पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। वर्ष 2023 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया और उन्होंने जीत दर्ज की।
75 वर्ष की उम्र में विधायक निर्वाचित होकर वे छत्तीसगढ़ की छठी विधानसभा के सबसे उम्रदराज विधायकों में शामिल हुए थे।
उनके निधन की खबर से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में शोक का माहौल है।

