रायपुर में लाखों रुपये के मादक पदार्थ नष्ट, 43 एनडीपीएस मामलों की जब्ती का
रायपुर। राजधानी रायपुर में नॉर्थ जोन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 43 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त किए गए नशीले पदार्थों का विधिवत निस्तारण किया। यह कार्रवाई सिलतरा स्थित जायसवाल नेको (NECO) प्लांट में की गई।
पुलिस द्वारा नष्ट किए गए मादक पदार्थों में करीब 160 किलोग्राम गांजा, 100 ग्राम डोडा चूरा, 236 ग्राम अफीम, 2,500 से अधिक प्रतिबंधित टैबलेट तथा 500 कफ सिरप शामिल हैं। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध निस्तारण कर इनके दुरुपयोग की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

