FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़जुर्मरायपुर

क्रिकेट खेलते समय 33 केवी लाइन की चपेट में आया 10 वर्षीय छात्र, गंभीर

गोबरा नवापारा। क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुर्रा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्राथमिक शाला के मैदान में क्रिकेट खेल रहे 10 वर्षीय छात्र को 33 केवी हाई टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। घायल छात्र का निजी अस्पताल में उपचार जारी है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कक्षा चौथी का छात्र डुमेंद्र कुमार स्कूल की छुट्टी के बाद अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। खेल के दौरान गेंद स्कूल परिसर में बने टीन शेड पर जा गिरी। गेंद निकालने के लिए डुमेंद्र टीन शेड पर चढ़ गया। इसी दौरान शेड के ऊपर से गुजर रही 33 केवी हाई टेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया और तेज करंट लगने से बुरी तरह झुलस गया।

घटना के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डुमेंद्र को नीचे उतारकर तत्काल पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर उसकी हालत गंभीर बता रहे हैं।

ग्रामीणों ने लगाए लापरवाही के आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन लंबे समय से हादसे का कारण बन सकती थी। इस संबंध में सुशासन तिहार के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग को तार हटाने के लिए आवेदन भी दिया था, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते लाइन शिफ्ट कर दी जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था।

विद्युत विभाग का जवाब

मामले में विद्युत विभाग के एई धर्मेंद्र साहू ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी अभी मिली है। उन्होंने कहा कि हाई टेंशन लाइन को हटाने के लिए विभाग के पास फिलहाल पर्याप्त फंड उपलब्ध नहीं है। घटना के बाद मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे के बाद स्कूल परिसर और उसके आसपास से गुजर रही हाई टेंशन लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने छात्र के बेहतर इलाज के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और स्कूल के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन को तत्काल हटाने की मांग की है।

Admin

Reporter

Follow Us

Follow us on Facebook Follow us on Twitter Subscribe us on Youtube