मस्तूरी के गतौरा शराब दुकान में नकाबपोश डकैतों का धावा, गार्ड पर चाकू से
बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गतौरा स्थित देशी शराब दुकान में सोमवार देर रात नकाबपोश डकैतों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। 5 से 6 बदमाशों ने दुकान में घुसकर गार्ड पर चाकू से हमला किया और करीब 25 हजार रुपये की शराब, मोबाइल फोन तथा सीसीटीवी का डीवीआर लूटकर फरार हो गए। हालांकि दुकान का लाकर नहीं खुल पाने के कारण बड़ी नकदी की लूट टल गई।

जानकारी के अनुसार, देर रात नकाबपोश बदमाश शराब दुकान पहुंचे और वहां मौजूद गार्ड को चाकू दिखाकर धमकाया। विरोध करने पर आरोपियों ने गार्ड पर हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश दुकान में रखी शराब की पेटियां, गार्ड का मोबाइल और सीसीटीवी फुटेज मिटाने की नीयत से डीवीआर अपने साथ ले गए।
बदमाशों ने दुकान में रखे लाकर को तोड़ने की भी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इससे दुकान में रखी नकदी सुरक्षित बच गई और बड़ी लूट की वारदात टल गई।
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना पुलिस और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
पुलिस का कहना है कि डकैतों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
