सरकारी शराब दुकानों में नौकरी दिलाने के नाम पर ₹4.50 लाख की ठगी, दो शातिर गिरफ्तार
रायपुर। सरकारी शराब दुकानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा अधिकारी और निजी कंपनी का ऑपरेशन हेड बताकर बेरोजगार युवकों से नौकरी लगाने के नाम पर रकम वसूली। इतना ही नहीं, भरोसा दिलाने के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र भी तैयार कर पीड़ितों को सौंप दिए।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सरकारी शराब दुकानों में नियुक्ति का झांसा देकर कई युवकों से कुल 4 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की। जब पीड़ितों को नौकरी नहीं मिली और उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी का एहसास हुआ, तब उन्होंने खम्हारडीह थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खम्हारडीह पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी किए जाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने अन्य लोगों को भी इसी तरह का शिकार बनाया है या नहीं।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

