रात 3 बजे बर्थडे पार्टी का हुड़दंग पड़ा भारी, पुलिस पर धक्का-मुक्की करने
रायपुर। राजधानी रायपुर में देर रात जन्मदिन का जश्न मनाना सात युवाओं को महंगा पड़ गया। तेज आवाज में डीजे बजाकर मोहल्ले के लोगों की नींद हराम करने और पुलिस से अभद्रता करने के आरोप में कोतवाली थाना पुलिस ने चार युवकों और तीन युवतियों सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधीनगर स्थित कालीबाड़ी इलाके में एक मकान में देर रात करीब 3 बजे जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। पार्टी के दौरान तेज आवाज में डीजे बजने से आसपास के लोगों ने पुलिस से शिकायत की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को डीजे बंद कर शांति बनाए रखने की समझाइश देकर लौट गई।
बताया जा रहा है कि पुलिस के जाने के कुछ देर बाद ही आरोपियों ने दोबारा तेज आवाज में डीजे बजाना शुरू कर दिया और हंगामा मचाने लगे। दूसरी शिकायत मिलने पर पुलिस फिर मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस के समझाने के बावजूद पार्टी में मौजूद लोगों ने सहयोग नहीं किया। आरोप है कि कुछ युवकों ने पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की करते हुए अभद्र व्यवहार किया और कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार युवकों और तीन युवतियों को हिरासत में लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, पुलिस से मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सार्वजनिक शांति भंग करने, कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने और पुलिस के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की जांच कोतवाली थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।
