रायपुर की लार्ड्स सिटी बनी मिसाल, एक सोलर प्लांट से 27 परिवारों को सस्ती
रायपुर। राजधानी की लार्ड्स सिटी हाउसिंग सोसाइटी में वर्चुअल नेट मीटरिंग व्यवस्था लागू कर स्वच्छ और किफायती ऊर्जा की दिशा में नई पहल की गई है। इस व्यवस्था के तहत साझा रूफटॉप सोलर प्लांट से सोसाइटी के 27 परिवारों को सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। यह परियोजना प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत संचालित की जा रही है।

वर्चुअल नेट मीटरिंग प्रणाली की खासियत यह है कि हर फ्लैट या मकान की छत पर अलग-अलग सोलर पैनल लगाने की आवश्यकता नहीं होती। एक साझा रूफटॉप सोलर प्लांट से उत्पन्न बिजली का लाभ निर्धारित उपभोक्ताओं के बीच बांट दिया जाता है, जिससे सीमित छत वाले आवासीय परिसरों को भी सौर ऊर्जा का लाभ मिल रहा है।
इस व्यवस्था से न केवल बिजली बिल में कमी आएगी, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि बहुमंजिला इमारतों और हाउसिंग सोसाइटियों के लिए वर्चुअल नेट मीटरिंग एक प्रभावी और व्यावहारिक समाधान साबित हो सकता है।
लार्ड्स सिटी में शुरू हुई यह पहल अब अन्य हाउसिंग सोसाइटियों के लिए भी प्रेरणादायी मॉडल बनकर उभर रही है। यदि इस व्यवस्था को व्यापक स्तर पर अपनाया जाता है, तो शहरी क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के उपयोग को नई गति मिल सकती है और ऊर्जा संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
