बीरगांव में CM साय के कार्यक्रम का विरोध, यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में
रायपुर। बीरगांव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यक्रम के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। व्यास तालाब चौक पर इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हनी बघेल के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता काले कपड़े पहनकर और हाथों में काली पट्टी बांधकर पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल के आसपास प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। बाद में सभी को खमतराई थाना ले जाया गया।
बताया गया कि मुख्यमंत्री साय बीरगांव में विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान करीब 94 करोड़ रुपये के विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बीच हुए विरोध प्रदर्शन के चलते कुछ देर के लिए मौके पर राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली।
मुख्यमंत्री साय इससे पहले 17 सितंबर को बीरगांव में भगवान विश्वकर्मा पूजा एवं किसान-मजदूर सम्मान समारोह में भी शामिल हुए थे।
