मुरासू तूफान ने किसानों की बढ़ाई चिंता, तेज बारिश और हवा से खेतों में बिछी
गुंडरदेही। अर्नब तूफान के बाद अब मुरासू तूफान के असर ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार दोपहर गुंडरदेही अंचल में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब दोपहर 2 बजे शुरू हुई बारिश देर तक जारी रही। बेमौसम बारिश ने खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है। कई गांवों में तेज हवा और बारिश के चलते धान की फसल खेतों में गिर गई है, वहीं कटाई के बाद खेतों में रखी फसल भी पानी में डूब गई है।
मौसम के इस अचानक बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इन दिनों अंचल में धान की कटाई और फसल को समेटने का काम चल रहा है। ऐसे समय में हुई बारिश किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। जिन किसानों की धान की फसल अभी खेतों में खड़ी है, उन्हें तेज हवा के कारण फसल गिरने का नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं जिन किसानों ने धान की कटाई कर फसल खेतों में रखी थी, उनकी मेहनत पर भी पानी फिरने की आशंका है।
किसानों का कहना है कि धान की फसल तैयार होने के बाद कटाई और सुरक्षित भंडारण सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। ऐसे में लगातार बारिश होने से खेतों में नमी बढ़ने के साथ धान के खराब होने और गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। यदि मौसम इसी तरह बना रहा तो नुकसान और बढ़ सकता है।
पहले ही मौसम की अनिश्चितता से परेशान किसानों के सामने अब फसल बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है। किसानों को आशंका है कि बारिश का सिलसिला जारी रहने पर धान की कटाई और मिंजाई का काम भी प्रभावित होगा। फिलहाल अंचल के किसान मौसम साफ होने और धूप निकलने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि खेतों में गिरी और भीगी हुई फसल को जल्द से जल्द सुरक्षित किया जा सके।

