ढाई घंटे में मां की गोद में लौटा मासूम, थाने में मना पहला जन्मदिन
रायपुर। पारिवारिक विवाद के चलते मां से बिछड़े एक वर्षीय मासूम को थाना पंडरी पुलिस ने महज ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सकुशल बरामद कर मां से मिला दिया। बच्चे की सुरक्षित वापसी के बाद मां ने राहत की सांस ली। इस पूरे घटनाक्रम का सबसे भावुक और सुखद पहलू यह रहा कि जिस दिन मासूम अपनी मां से बिछड़ा, उसी दिन उसका पहला जन्मदिन भी था। पुलिसकर्मियों ने थाने में केक काटकर बच्चे का जन्मदिन मनाया और उसे खुशियां बांटकर पुलिस के मानवीय चेहरे की मिसाल पेश की।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया प्रिया पाण्डेय (26) का विवाह वर्ष 2022 में लाकेश सिंह बंजारे से हुआ था। दोनों का एक वर्षीय पुत्र है। आपसी पारिवारिक विवाद के चलते पति-पत्नी पिछले करीब 7-8 महीने से अलग रह रहे थे। 3 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे लाकेश सिंह बंजारे दलदल सिवनी स्थित अपनी पत्नी के मकान पहुंचा। यहां दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान पति ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए पत्नी के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
विवाद के दौरान आरोपी बच्चे को शाम करीब 5 बजे जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगा। इसी बीच पड़ोस में रहने वाली रूबी प्रिया मानिकपुरी ने बच्चे को अपने घर ले जाकर सुरक्षित रखा। बाद में जब प्रिया पाण्डेय शिकायत दर्ज कराने थाना पंडरी पहुंची, उसी दौरान शाम करीब 6 बजे उसका पति वहां पहुंचा और एक वर्षीय बच्चे के साथ महिला का मोबाइल फोन भी जबरदस्ती अपने साथ ले गया। महिला द्वारा बच्चे को वापस देने की गुहार लगाने के बावजूद आरोपी उसे लौटाने को तैयार नहीं हुआ। पूछताछ करने पर भी वह बच्चे के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा था।
मासूम की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने शुरू की तलाश

एक वर्षीय अबोध बालक के अचानक गायब होने और उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए थाना पंडरी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस ने बिना समय गंवाए बच्चे की तलाश शुरू की और हर संभावित पहलू पर जांच की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को भी तत्काल अवगत कराया गया। डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन तथा एडीसीपी नॉर्थ आदित्य पाण्डेय और एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार प्रयास किए।
पुलिस टीम की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई का परिणाम रहा कि महज ढाई घंटे के भीतर अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द किया गया। लंबे समय तक बच्चे की कोई जानकारी नहीं मिलने से परेशान मां के लिए उसकी सुरक्षित वापसी किसी बड़ी राहत से कम नहीं थी।
थाने में गूंजी जन्मदिन की खुशियां, पुलिसकर्मियों ने काटा केक

इस पूरे मामले में पुलिस की तत्परता के साथ उसका संवेदनशील चेहरा भी देखने को मिला। जिस दिन मासूम का अपनी मां से बिछड़ने का दर्दनाक घटनाक्रम हुआ, उसी दिन उसका पहला जन्मदिन भी था। बच्चे को सुरक्षित मां से मिलाने के बाद थाना पंडरी के पुलिसकर्मियों ने थाने में ही केक काटकर उसका पहला जन्मदिन मनाया। पुलिसकर्मियों ने मासूम के साथ खुशियां साझा कीं और इस मुश्किल घड़ी से गुजर रहे परिवार को एक यादगार पल दिया। थाने में केक काटकर जन्मदिन मनाने की इस पहल ने पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता को सामने ला दिया।
पति के खिलाफ अपराध दर्ज, वैधानिक कार्रवाई जारी
प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी लाकेश सिंह बंजारे (28), निवासी बगदेही पारा, तर्री रोड, थाना गोबरा नवापारा, रायपुर के खिलाफ थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 380/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 115(2) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा है कि अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई के साथ संकट में फंसे नागरिकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। पंडरी पुलिस की इस कार्रवाई में जहां एक मासूम को सुरक्षित उसकी मां की गोद में लौटाया गया, वहीं उसके पहले जन्मदिन को यादगार बनाकर पुलिस ने खाकी के पीछे छिपे मानवीय भाव को भी उजागर किया।

