55 से अधिक कर्मचारी संगठन 11 सितंबर को करेंगे सांकेतिक प्रदर्शन,
नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ में आर्थिक शोषण और लंबे समय से लंबित मांगों के विरोध में नियमित-अनियमित कर्मचारी, अधिकारी और पेंशनर 11 सितंबर को सांकेतिक प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन का आयोजन नया रायपुर स्थित इंद्रावती भवन के गेट नंबर-3 के सामने दोपहर 1 बजे किया जाएगा।

कर्मचारी संगठनों के अनुसार, प्रदर्शन में 55 से अधिक कर्मचारी संगठनों के वर्तमान एवं निवर्तमान प्रांताध्यक्ष शामिल होंगे। यह आंदोलन ‘एक मांग, एक मंच’ अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है। संगठनों का कहना है कि कर्मचारियों और पेंशनरों की विभिन्न मांगें लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
संगठन प्रतिनिधियों ने सरकार पर कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विभिन्न विभागों में कार्यरत नियमित एवं अनियमित कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनरों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान अब तक नहीं हो सका है।
प्रदर्शन के जरिए कर्मचारी संगठन अपनी मांगों और समस्याओं को शासन के समक्ष सामूहिक रूप से रखने की तैयारी में हैं। संगठनों ने इसे कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों से जुड़े मुद्दों को एक मंच पर उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
अब सभी की नजर 11 सितंबर को होने वाले इस सांकेतिक प्रदर्शन पर रहेगी। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती है, तो आगामी दिनों में आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
