रिसॉर्ट के मीटर बोर्ड के पीछे छिपा मिला आठ फीट लंबा किंग कोबरा, रेस्क्यू
सतरेगा। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेगा स्थित एक रिसॉर्ट में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्युत मीटर बोर्ड के पीछे करीब आठ फीट लंबा किंग कोबरा छिपा हुआ मिला। सांप पर नजर पड़ते ही रिसॉर्ट प्रबंधन ने तत्काल वन विभाग और सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, रेस्ट हाउस के मैनेजर इस्तिखार खान की नजर मीटर बोर्ड के पीछे छिपे विशालकाय सांप पर पड़ी। सांप को देखते ही उन्होंने बिना कोई जोखिम उठाए वन विभाग तथा नोवा नेचर संस्था के सदस्य जितेंद्र सारथी को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। बिजली मीटर बोर्ड के पीछे सांप के छिपे होने के कारण रेस्क्यू के दौरान विशेष सावधानी बरती गई। सबसे पहले विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई, जिसके बाद टीम ने सुरक्षित तरीके से किंग कोबरा को बाहर निकाला।
करीब आठ फीट लंबे किंग कोबरा को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में कौतूहल और दहशत का माहौल रहा। रेस्क्यू टीम की सतर्कता और सावधानी के चलते सांप को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित बाहर निकाला गया।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, किंग कोबरा जैसे जहरीले सांपों के दिखाई देने पर लोगों को स्वयं उन्हें पकड़ने या छेड़ने का प्रयास नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना देना ही सुरक्षित तरीका है।
