FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़राजनीतिरायपुरराष्ट्रीय

CM हेल्पलाइन की शिकायत पर पहुंची खनिज टीम, कार्रवाई पर उठे सवाल; अवैध रेत भंडारण पर मिलीभगत के आरोप

गोबरा नवापारा/रायपुर-  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की महत्वाकांक्षी CM हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज शिकायत के बाद राजिम रेलवे स्टेशन परिसर में खनिज विभाग की टीम तो पहुंची, लेकिन कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग ने केवल औपचारिक कार्रवाई कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया, जबकि बड़े पैमाने पर अवैध रेत और गिट्टी का भंडारण आज भी जस का तस बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, शिकायत में रेलवे परिसर में सैकड़ों हाईवा रेत और गिट्टी के अवैध भंडारण की सूचना दी गई थी। शिकायत के बाद खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन दो स्थानों में से केवल एक स्थान पर ही जांच की। वहां निर्माण कार्य के लिए डंप की गई लगभग पांच हाईवा रेत मिली। मौके पर मौजूद ठेकेदार वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद अधिकारियों ने दस्तावेजों के साथ पांच दिन के भीतर रायपुर जिला खनिज शाखा में उपस्थित होने का नोटिस जारी किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जांच स्थल के ठीक पास पहाड़नुमा रेत और गिट्टी का विशाल भंडारण मौजूद था, लेकिन खनिज विभाग ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि उसी अवैध भंडारण से अब भी निर्माण कार्यों में लगातार सामग्री का उपयोग किया जा रहा है।

ग्रामीणों का दावा है कि अधिकारियों ने दोबारा कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक टीम दोबारा मौके पर नहीं पहुंची। इससे विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं और लोगों में नाराजगी है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी व्यवस्था के उद्देश्य से CM हेल्पलाइन 1076 शुरू की है। ऐसे में शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के आरोपों ने खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Admin

Reporter

Follow Us

Follow us on Facebook Follow us on Twitter Subscribe us on Youtube