नकली लेबल-होलोग्राम से शराब की पैकेजिंग का खेल, 6 और गिरफ्तार
राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब के कारोबार और नकली लेबल-होलोग्राम के जरिए शराब की पैकेजिंग करने वाले नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में पुलिस ने 6 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से अवैध शराब के अलावा नकली होलोग्राम स्टीकर, शराब के लेबल, ढक्कन, मोबाइल फोन और शराब परिवहन में इस्तेमाल वाहन बरामद किए गए हैं। इस मामले में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना डोंगरगढ़ और पुलिस चौकी मोहारा की टीम इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को मोहारा और आसपास के इलाकों में कार्रवाई कर 6 आरोपियों को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 62 नग शराब, कुल 11.160 लीटर, जिसकी अंकित कीमत करीब 3,368 रुपये बताई गई है, बरामद की गई।
पैकेजिंग का सामान भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस को शराब के साथ नकली होलोग्राम स्टीकर, लेबल, खाली बोतल, ढक्कन, प्रिंटिंग सामग्री और अन्य पैकेजिंग सामान भी मिला। इससे पुलिस को आशंका है कि अवैध शराब को वैध शराब के रूप में पेश करने के लिए नकली पैकेजिंग तैयार की जा रही थी। पुलिस बरामद सामग्री के स्रोत और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है।
कार-स्कूटी और मोबाइल भी मिले
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से Grand i10 कार, एक्टिवा स्कूटी और तीन मोबाइल फोन समेत अन्य सामान जब्त किया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। इससे पहले पुलिस इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
UPI और कॉल डिटेल से खुलेगा नेटवर्क
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली लेबल और होलोग्राम कहां से लाए जा रहे थे और शराब की पैकेजिंग, परिवहन व वितरण में कौन-कौन लोग शामिल हैं। जब्त मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से मिले डिजिटल साक्ष्य, UPI लेन-देन और कॉल डिटेल की जांच की जा रही है। वहीं जब्त शराब, लेबल और होलोग्राम का आबकारी विभाग तथा जरूरत पड़ने पर FSL और संबंधित निर्माण इकाइयों से सत्यापन कराया जाएगा।
पुलिस ने मामले में आबकारी अधिनियम और BNS की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
