FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़रायपुरराष्ट्रीय

हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा कवर्धा, भोरमदेव पदयात्रा में उमड़ा आस्था

कवर्धा। सावन के पहले सोमवार पर भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था का अद्भुत नजारा कवर्धा में देखने को मिला। जिले की ऐतिहासिक भोरमदेव पदयात्रा सोमवार सुबह बूढ़ा महादेव मंदिर से विधिवत शुरू हुई। करीब 18 किलोमीटर लंबी इस धार्मिक यात्रा में हजारों शिवभक्त “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के साथ उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

पारंपरिक वेशभूषा और धार्मिक उत्साह के बीच श्रद्धालु पैदल चलते हुए भगवान भोरमदेव के दर्शन के लिए रवाना हुए। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत, पेयजल और विश्राम की व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और कांवड़िए भी पदयात्रा में शामिल होकर शिव भक्ति में लीन नजर आए।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा दल, एंबुलेंस, पेयजल और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग का पालन करने और प्रशासनिक निर्देशों का सहयोग करने की अपील की है। हर वर्ष आयोजित होने वाली यह ऐतिहासिक पदयात्रा छत्तीसगढ़ की प्रमुख धार्मिक परंपराओं में शामिल है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचते हैं।

सावन के पहले सोमवार पर शुरू हुई इस पदयात्रा ने एक बार फिर कवर्धा को शिवभक्ति और आस्था के रंग में रंग दिया, जहां पूरे वातावरण में “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे।

Admin

Reporter

Follow Us

Follow us on Facebook Follow us on Twitter Subscribe us on Youtube