बलरामपुर में भारी बर्फबारी, आधे घंटे से अधिक समय तक जमकर गिरे ओले, फसलों को हुआ नुक़सान…
बलरामपुर। बलरामपुर जिले में लहसुनपाट में शुक्रवार को जमकर ओले गिरे। ओलावृष्टि के बाद लहसुनपाट का इलाका कश्मीर की तरह नजर आने लगा। बलरामपुर के अन्य इलाकों में भी ओले गिरे हैं और कुछ स्थानों पर बारिश भी हुई है। गुरुवार शाम गाज गिरने से एक व्यक्ति की मौत भी हो गई एवं एक अन्य घायल है। शुक्रवार एवं शनिवार को सरगुजा संभाग के कई स्थानों पर बारिश होने के साथ ओले भी गिरने का पूर्वानुमान है।
बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ अंतर्गत लहसुनपाट इलाके में शुक्रवार सुबह जमकर बारिश के साथ करीब आधे घंटे से अधिक समय तक जमकर ओले गिरे। करीब आधे घंटे तक हुई ओलावृष्टि में पूरा इलाका सफेद नजर आने लगा। ओले सड़क, खेत खलिहान में बिछ गए। ओलावृष्टि के कारण लहसुनपाट का नजारा कश्मीर की तरह नजर आने लगा। ओलावृष्टि एवं बारिश के कारण इलाके में एकाएक ठंड बढ़ गई है।