सरपंच पति के ठिकाने पर वन विभाग का छापा, सागौन-खम्हार की लकड़ी और
बालोद। जिले के ग्राम अंगारी में वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरपंच पति अश्विनी डड़सेना के ठिकाने पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में सागौन और खम्हार की बेशकीमती लकड़ी, लकड़ी से बने महंगे फर्नीचर तथा एक मेटाडोर वाहन जब्त किया गया है। बरामद सामग्री की वैधता और स्रोत की जांच की जा रही है।

संयुक्त टीम ने लंबे समय से मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान परिसर से बड़ी मात्रा में लकड़ी और तैयार फर्नीचर मिलने के बाद वन विभाग ने तत्काल जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी। जब्त लकड़ी की माप और उसकी अनुमानित कीमत का आकलन किया जा रहा है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला वन संपदा के अवैध भंडारण और परिवहन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। जब्त मेटाडोर वाहन की भी जांच की जा रही है कि उसका उपयोग लकड़ी के परिवहन में किया जाता था या नहीं।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अश्विनी डड़सेना का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इसी कारण मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद वन अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वन विभाग जब्त लकड़ी की माप, दस्तावेजों के सत्यापन और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगा हुआ है।
