दीपावली से पहले खाद्य विभाग अलर्ट, मिठाई-खोवा और दूध की दुकानों
रायपुर। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में मिठाइयों, खोवा, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग तेजी से बढ़ने लगी है। त्योहारी सीजन में बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरी की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने प्रदेशभर में सघन निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमें प्रदेश के विभिन्न जिलों में मिठाई दुकानों, डेयरी संचालकों, दूध विक्रेताओं और खाद्य सामग्री तैयार करने एवं बेचने वाले प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही हैं। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भंडारण व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की जा रही है।
विशेष रूप से मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले खोवा, दूध, घी और अन्य सामग्री की गुणवत्ता पर ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं, ताकि मिलावट की स्थिति सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
त्योहार के दौरान अधिक मुनाफा कमाने के लिए कुछ कारोबारियों द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता किए जाने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज किया है। साथ ही खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
विभाग का प्रयास है कि दीपावली के दौरान उपभोक्ताओं को मिलावट रहित खाद्य सामग्री मिले और किसी भी प्रकार की लापरवाही से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी है। वहीं, जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
