बघेरा में बंदरों का आतंक, छतों पर सूख रहे सामान और खाद्य पदार्थ कर रहे नष्ट
दुर्ग। जिले के बघेरा क्षेत्र में इन दिनों बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों के झुंड घरों की छतों पर पहुंचकर लोगों को परेशान कर रहे हैं। छतों पर सुखाने के लिए रखे जाने वाले कपड़े, घरेलू सामान और खाद्य पदार्थों को बंदर नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे क्षेत्र के रहवासी परेशान हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बंदर घरों की छतों पर रखे सामानों को इधर-उधर बिखेर देते हैं और खाने-पीने की चीजों को उठाकर ले जाते हैं। कई बार खाद्य पदार्थों को नष्ट कर देते हैं, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। घरों की छतों पर सामान सुखाना और खुले में खाद्य सामग्री रखना अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।
बंदरों की लगातार बढ़ती आवाजाही से क्षेत्र के लोगों में चिंता है। रहवासियों को डर है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बंदरों का आतंक और बढ़ सकता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।
