झटका तार की चपेट में आया हाथी का बच्चा, मौके पर मौत
सरगुजा। उदयपुर वन परिक्षेत्र के अलकापुरी जंगल में बुधवार रात करीब 10 बजे झटका तार की चपेट में आने से हाथी के एक बच्चे की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और वन अमला मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से 27 हाथियों का दल उदयपुर क्षेत्र में विचरण कर रहा है। इससे पहले इस दल में करीब 15 हाथी शामिल थे, लेकिन अब संख्या बढ़कर 27 हो गई है। हाथियों की लगातार मौजूदगी के बीच जंगल से लगे क्षेत्रों में उनकी आवाजाही बनी हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए लगाए गए झटका तार की चपेट में आने से हाथी के बच्चे की मौत हुई है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है। झटका तार किस स्थान पर और किस तरह लगाया गया था, इसकी भी जांच की जा रही है।
हाथी के बच्चे की मौत की घटना के बाद वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वन विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
