दीपक बैज का कार्यकाल पूरा, छत्तीसगढ़ कांग्रेस में नए अध्यक्ष की तलाश तेज
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का तीन वर्षीय कार्यकाल 12 जुलाई को पूरा हो रहा है। आदिवासी नेतृत्व को मजबूत करने की रणनीति के तहत पार्टी हाईकमान ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। हालांकि, कार्यकाल के दौरान संगठनात्मक चुनौतियों और आंतरिक गुटबाजी के कारण वे पूर्ण प्रदेश कार्यकारिणी का गठन नहीं कर सके।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, उनके कार्यकाल में कांग्रेस को विधानसभा और लोकसभा चुनावों में अपेक्षित सफलता नहीं मिली। लगातार चुनावी पराजय के बाद प्रदेश संगठन की कार्यशैली और नेतृत्व को लेकर पार्टी के भीतर मंथन तेज हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस में नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर शीर्ष नेतृत्व स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है। संगठन को आगामी चुनावों के लिए मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने के उद्देश्य से नेतृत्व परिवर्तन सहित विभिन्न विकल्पों पर चर्चा की जा रही है।
हालांकि, पार्टी की ओर से अब तक नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में सभी की नजरें कांग्रेस हाईकमान के अगले फैसले पर टिकी हुई हैं।
