बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, सरकार से मांगा जवाब
रायपुर। नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने ग्रामीणों के साथ एक बार फिर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा सरकार और प्रशासन ने ग्रामीणों के साथ अन्यायपूर्ण कार्रवाई की है और अब तक उनकी मांगों पर कोई जवाब नहीं दिया गया है।
कांग्रेस के अनुसार, कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान प्रशासन और सरकार को 36 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था। निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर शुक्रवार को नकटी गांव के ग्रामीणों के साथ दोबारा विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर गरीब और ग्रामीण परिवारों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि प्रभावित लोगों को पर्याप्त सुनवाई का अवसर दिए बिना बुलडोजर कार्रवाई की गई, जिससे कई परिवारों के सामने आजीविका और आवास का संकट खड़ा हो गया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से बुलडोजर कार्रवाई की निष्पक्ष जांच, प्रभावित परिवारों को उचित राहत और पुनर्वास देने तथा मामले में सरकार का स्पष्ट जवाब सार्वजनिक करने की मांग की। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं, प्रशासन की ओर से प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने की जानकारी दी गई।

