स्कूलों में बच्चों को मिलेगा सुरक्षित और पौष्टिक भोजन, महिला समूहों को दिया
बिलासपुर। जिले के स्कूलों में बच्चों को उच्च गुणवत्ता, सुरक्षित एवं पौष्टिक मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने पहल शुरू की है। इसके तहत महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों के लिए फॉस्टेक (FoSTaC) प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण की शुरुआत मस्तूरी और बिल्हा विकासखंड से की गई है।

शिविर में महिला स्व-सहायता समूहों को भोजन तैयार करने से लेकर परोसने तक खाद्य स्वच्छता और सुरक्षा के निर्धारित मानकों की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण, खाना पकाने की स्वच्छ प्रक्रिया और व्यक्तिगत स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर तकनीकी जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण का उद्देश्य मध्याह्न भोजन तैयार करने वाली महिलाओं को खाद्य सुरक्षा के वैज्ञानिक एवं तकनीकी मानकों से परिचित कराना है, ताकि स्कूलों में विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन मिल सके। विभाग द्वारा प्रशिक्षण के माध्यम से खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों के पालन और बेहतर स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मस्तूरी और बिल्हा विकासखंड में आयोजित इन प्रशिक्षण शिविरों में महिला समूहों की सदस्यों ने भाग लिया। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण से भोजन की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।
