ट्रैक्टर पर खतरनाक स्टंट कर बनाई रील, पुलिस ने चालान और माफीनामा लेकर
जांजगीर। सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए ट्रैक्टर पर खतरनाक स्टंट करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ महज चालानी कार्रवाई की और माफीनामा लेकर उसे छोड़ दिया। कार्रवाई के इस तरीके को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर चर्चा शुरू हो गई है।

बताया जा रहा है कि युवक ने ट्रैक्टर पर खतरनाक तरीके से स्टंट करते हुए रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और युवक को पकड़कर थाने लाई। इसके बाद उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई तथा माफीनामा लेकर छोड़ दिया गया।
खोखरा स्टेडियम मामले से उठे सवाल
पुलिस की कार्रवाई की तुलना अब हाल ही में सामने आए खोखरा स्टेडियम रील मामले से की जा रही है। उस मामले में रील बनाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। ऐसे में एक जैसे दिखने वाले सोशल मीडिया स्टंट के मामलों में कार्रवाई के अलग-अलग तरीके अपनाए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए युवा लगातार खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। ऐसे मामलों में केवल चालान और माफीनामा पर्याप्त है या नहीं, इस पर पुलिस को स्पष्ट नीति अपनानी चाहिए। पुलिस की कार्रवाई से यह सवाल भी खड़ा हो गया है कि कानून तोड़ने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई में एकरूपता क्यों नहीं दिखाई दे रही है।
खतरनाक स्टंट से सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य केवल आरोपी को समझाइश देकर छोड़ना नहीं, बल्कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाना भी होना चाहिए।
