जगन्नाथ की भक्ति में सराबोर छत्तीसगढ़, बारिश ने रथ यात्रा के उत्सव में घोली
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर श्रद्धा और उत्साह चरम पर है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों और गांवों में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की रथ यात्रा धूमधाम से निकाली जा रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथ खींचकर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा की संभावना जताई है। श्रद्धालु इसे भगवान जगन्नाथ के स्वागत में प्रकृति का आशीर्वाद मान रहे हैं। उमड़ते बादल, ठंडी हवाएं और रुक-रुककर हो रही बारिश ने पूरे माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया है।
मंदिरों में सुबह से विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जा रहा है। रथ यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कई स्थानों पर सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा पेयजल, शरबत और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई है।
प्रशासन ने रथ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
श्रद्धा, आस्था और उल्लास के इस पर्व ने पूरे छत्तीसगढ़ को भक्तिमय रंग में रंग दिया है। भक्तों का मानना है कि भगवान जगन्नाथ की कृपा और प्रकृति का यह सुहावना संगम प्रदेश में सुख, समृद्धि और खुशहाली का संदेश लेकर आया है
