कम दाम में किराना सामान दिलाने का झांसा, कारोबारी से 15 लाख की ठगी
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कम दाम पर किराना सामान उपलब्ध कराने का झांसा देकर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सरकंडा निवासी फणीन्द्र तिवारी को आरोपित ने थोक बाजार से कम कीमत पर किराना सामान उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। सस्ते दाम में अधिक मुनाफे का लालच देकर उसने अलग-अलग किस्तों में करीब 15 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
रुपये लेने के बाद आरोपित ने न तो तय समय पर किराना सामान की आपूर्ति की और न ही रकम वापस की। लगातार टालमटोल और संपर्क से बचने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खातों के लेनदेन और अन्य दस्तावेजों की जांच कर आरोपित की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कम कीमत पर सामान या अधिक मुनाफे का लालच देने वाले अनजान लोगों पर बिना पूरी जांच-पड़ताल के भरोसा न करें और बड़ी राशि का लेनदेन करने से पहले सभी दस्तावेजों का सत्यापन अवश्य करें।
