समान नागरिक संहिता की दिशा में बढ़ा छत्तीसगढ़, दुर्ग संभाग से जनसंवाद
दुर्ग। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में राज्य सरकार की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में दुर्ग संभाग से विशेष जनसंवाद अभियान की शुरुआत की जा रही है। उच्चस्तरीय समिति विभिन्न वर्गों से चर्चा कर यूसीसी के प्रस्तावित ड्राफ्ट को व्यापक और समावेशी बनाने के लिए सुझाव जुटाएगी।

समिति 8 और 9 सितंबर को संभाग के विभिन्न जिलों के प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चर्चा करेगी। इस दौरान समान नागरिक संहिता को लेकर उनके विचार, सुझाव और आपत्तियां जानने का प्रयास किया जाएगा।
सुझावों के आधार पर तैयार होगा ड्राफ्ट
सरकार की ओर से प्रस्तावित यूसीसी को अधिक व्यापक बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक और धार्मिक वर्गों की राय को शामिल करने पर जोर दिया जा रहा है। समिति संवाद के दौरान प्राप्त सुझावों का अध्ययन कर ड्राफ्ट तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
दुर्ग संभाग से शुरू होने वाला यह जनसंवाद अभियान समान नागरिक संहिता को लेकर सरकार की तैयारियों में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में अलग-अलग वर्गों से चर्चा के आधार पर ड्राफ्ट को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।
