रायपुर के फुंडहर स्कूल में खूनी झड़प: मामूली विवाद में 11वीं के छात्र पर चाकू
रायपुर। राजधानी रायपुर के फुंडहर स्थित एक स्कूल में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 11वीं कक्षा के छात्र मगन यादव पर कुछ युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत स्कूल परिसर में बोतल फेंकने को लेकर हुए विवाद से हुई। पहले छात्रों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला शांत होता दिखाई दिया। लेकिन स्कूल की छुट्टी के बाद पार्किंग क्षेत्र में आरोपियों ने मगन यादव को घेर लिया और उस पर चाकू से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने छात्र का गला रेतने की भी कोशिश की। हालांकि, उसने बचने का प्रयास किया, जिससे चाकू उसकी जांघ में जा लगा। गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित छात्र की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस स्कूल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इस घटना के बाद स्कूल में छात्रों और अभिभावकों के बीच दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
