टाटीबंध के गोदाम में कृषि विभाग का छापा, 531 क्विंटल से अधिक अवैध
रायपुर। टाटीबंध स्थित एक गोदाम में कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान गोदाम में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कीटनाशी, अवैध उर्वरक और बीज का भंडारण एवं पैकिंग किए जाने का मामला सामने आया। टीम ने मौके से 531 क्विंटल से अधिक अवैध उर्वरक, कीटनाशी और बीज जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने गोदाम में अचानक निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां बिना निर्धारित अनुमति के उर्वरक, बीज और कीटनाशकों का भंडारण एवं पैकिंग किया जाना पाया गया। बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित और नियमों के विपरीत रखी गई कृषि सामग्री मिलने के बाद विभाग ने उसे जब्त कर लिया।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, गोदाम में कृषि सामग्री के भंडारण और पैकिंग को लेकर निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। मामले में संबंधित संचालक के खिलाफ बीज एवं उर्वरक नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण और मानक के अनुरूप कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
