FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़जुर्मरायपुर

मोबाइल में फर्जी ऐप, बैंक खाते पर ठगों का कब्जा; दो लोग बने शिकार

रायपुर। साइबर ठग अब लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी सेवाओं और सुविधाओं के नाम पर फर्जी मोबाइल ऐप तैयार कर ठगी का जाल बिछाया जा रहा है। इन ऐप को असली बताकर लोगों से मोबाइल में इंस्टॉल करवाया जाता है। जैसे ही कोई व्यक्ति ऐप डाउनलोड कर उसमें जरूरी अनुमति देता है, साइबर ठग उसके मोबाइल तक अपनी पहुंच बना लेते हैं। इसके बाद मोबाइल में मौजूद बैंकिंग से जुड़ी जानकारियों का दुरुपयोग कर बैंक खातों से रकम निकाल ली जाती है।

राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के ऐसे ही दो मामले सामने आए हैं। यहां एक पैरालाइज्ड रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी और एक गृहणी को साइबर ठगों ने अपना निशाना बनाया। आरोपियों ने फर्जी मोबाइल ऐप के जरिए उनके मोबाइल का एक्सेस हासिल किया और फिर बैंक खातों से रकम निकाल ली। दोनों पीड़ितों को जब अपने खातों से रकम गायब होने की जानकारी मिली, तब उन्हें ऑनलाइन ठगी का अहसास हुआ।

जरूरत की सेवाओं के नाम पर बिछाते हैं जाल

साइबर ठग आम लोगों की जरूरतों और उनकी रोजमर्रा की गतिविधियों को ध्यान में रखकर फर्जी ऐप तैयार करते हैं। ये ऐप देखने में असली जैसे लगते हैं, जिससे लोग आसानी से उन पर भरोसा कर लेते हैं। कई बार बिजली बिल, बैंकिंग सुविधा, सरकारी सेवा, मोबाइल अपडेट या अन्य जरूरी कामों के नाम पर ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है। ऐप इंस्टॉल होने के बाद ठग मोबाइल का एक्सेस हासिल करने की कोशिश करते हैं। इसके बाद ओटीपी, बैंकिंग जानकारी और मोबाइल में उपलब्ध संवेदनशील डेटा तक पहुंच बनाकर खातों से रकम पार कर दी जाती है।

डीडी नगर पुलिस ने दर्ज किया मामला

डीडी नगर थाना क्षेत्र में हुई दोनों घटनाओं की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ठगी के तरीके तथा डिजिटल लेन-देन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

लगातार बदल रहे साइबर अपराध के तरीकों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर फर्जी मोबाइल ऐप के जरिए होने वाली ठगी में लोग अनजाने में ही अपने मोबाइल का एक्सेस साइबर अपराधियों को दे बैठते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान लिंक से ऐप डाउनलोड करने या मोबाइल में अनजान ऐप इंस्टॉल करने से बचना जरूरी है। किसी भी ऐप को इंस्टॉल करने से पहले उसके स्रोत और विश्वसनीयता की जांच करना बेहद आवश्यक है।

Admin

Reporter