सफाई में लापरवाही पर ठेकेदारों पर कार्रवाई, बिलों से 20.57 लाख रुपये की
अंबिकापुर। शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ अंबिकापुर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। नगर निगम ने 24 वार्डों और रिंग रोड की सफाई का काम संभाल रहे ठेकेदारों के बिलों से कुल 20.57 लाख रुपये की कटौती की है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, सफाई कार्य के दौरान निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने, नियमित रूप से सफाई नहीं करने और अनुबंध की शर्तों के अनुरूप कार्य नहीं करने की शिकायतें सामने आई थीं। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों के आधार पर संबंधित ठेकेदारों के भुगतान में कटौती की गई है।
नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप ने सफाई ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ठेकेदारों को चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में अनुबंध की शर्तों का पालन नहीं किया गया या सफाई कार्य में लापरवाही सामने आई तो संबंधित ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद सफाई व्यवस्था में लगे ठेकेदारों में हड़कंप है। निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए सफाई कार्य की नियमित निगरानी जारी रहेगी और लापरवाही पाए जाने पर आर्थिक दंड के साथ अन्य कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।
