FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़रायपुर

धान की फसल को रिकॉर्ड में बताया धनिया, समर्थन मूल्य पर बिक्री अटकी

महासमुंद। जिले के बागबाहरा तहसील अंतर्गत ग्राम हिच्छा में डिजिटल क्रॉप सर्वे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान सर्वेयर की कथित लापरवाही के चलते किसान के खेत में लगी धान की फसल को सरकारी रिकॉर्ड में धनिया दर्ज कर दिया गया। सर्वे में हुई इस बड़ी गड़बड़ी का खामियाजा अब किसान को भुगतना पड़ रहा है। खेत में धान की फसल तैयार होने के बावजूद सरकारी रिकॉर्ड में गलत फसल दर्ज होने के कारण किसान समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने में असमर्थ हो रहा है।

छत्तीसगढ़ के महासमुंद में किसान ने बोया धान, सर्वेयर ने लिख दिया धनिया

जानकारी के अनुसार, ग्राम हिच्छा के किसान ने अपने खेत में धान की फसल लगाई है। खरीफ सीजन के दौरान खेत में धान की फसल की बोआई की गई और फसल तैयार भी हो रही है। इसी बीच शासन की ओर से कराए जा रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान संबंधित खेत का सर्वे किया गया। आरोप है कि सर्वेयर ने मौके पर लगी धान की फसल का सही निरीक्षण और विवरण दर्ज करने के बजाय उसे धनिया की फसल के रूप में ऑनलाइन रिकॉर्ड में दर्ज कर दिया। इसके बाद सरकारी दस्तावेजों में किसान के खेत की फसल का विवरण ही बदल गया।

इस गलती का असर अब धान खरीदी की प्रक्रिया में देखने को मिल रहा है। शासन द्वारा किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था की गई है, लेकिन डिजिटल सर्वे के रिकॉर्ड में धान की जगह धनिया दर्ज होने के कारण किसान के सामने अपनी उपज बेचने का संकट खड़ा हो गया है। किसान के खेत में धान होने के बावजूद सरकारी रिकॉर्ड में उसका विवरण अलग होने से खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। ऐसे में किसान अपनी मेहनत से तैयार की गई धान की फसल को समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए परेशान है।

डिजिटल क्रॉप सर्वे का मुख्य उद्देश्य किसानों के खेतों में बोई गई फसलों का वास्तविक और सही विवरण ऑनलाइन दर्ज करना है, ताकि फसल उत्पादन, कृषि योजनाओं और समर्थन मूल्य पर खरीदी से जुड़ी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनी रहे। इसके लिए सर्वेयर को खेतों तक पहुंचकर फसल की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करना होता है। लेकिन ग्राम हिच्छा में सामने आई इस त्रुटि ने सर्वे की विश्वसनीयता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि सर्वे के दौरान फसल का विवरण ही गलत दर्ज हो जाएगा तो इसका सीधा नुकसान उस किसान को उठाना पड़ेगा, जिसने पूरी मेहनत और लागत लगाकर फसल तैयार की है।

किसानों के लिए धान खरीदी का सीजन बेहद महत्वपूर्ण होता है। खेती में खाद, बीज, दवाइयों और मजदूरी पर खर्च करने के बाद किसान को अपनी उपज का उचित मूल्य मिलने की उम्मीद रहती है। ऐसे में सरकारी रिकॉर्ड की एक छोटी सी गलती भी किसान के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है। ग्राम हिच्छा का यह मामला भी इसी समस्या को उजागर करता है। अब जरूरत है कि संबंधित राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारी मामले को गंभीरता से लें और खेत में लगी वास्तविक फसल का भौतिक सत्यापन कराकर डिजिटल रिकॉर्ड में सुधार करवाएं।

किसान को उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी जल्द हस्तक्षेप करेंगे और रिकॉर्ड में दर्ज गलत फसल के विवरण को दुरुस्त कराएंगे, ताकि वह समर्थन मूल्य पर अपनी धान की उपज बेच सके। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में कितनी जल्दी कार्रवाई करता है और डिजिटल सर्वे की इस कथित गलती को सुधारकर किसान को राहत दिलाता है।

Admin

Reporter