FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़जुर्मरायपुर

बिजली की आंखमिचौली से उद्योग बेहाल, 50 से अधिक उद्योगपतियों ने घेरा

बिलासपुर। औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और बिना पूर्व सूचना के शटडाउन ने उद्योगों की रफ्तार थाम दी है। बिजली की अनियमित आपूर्ति के चलते जहां औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन प्रभावित हो रहा है, वहीं उद्योगपतियों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लगातार बिगड़ती विद्युत व्यवस्था से परेशान उद्यमियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है।

 

बिलासपुर में ट्रिपिंग व कटौती से उद्योग बेहाल, 50 से ज्यादा उद्योगपति पहुंचे बिजली दफ्तर

इसी समस्या को लेकर मंगलवार को सिलपहरी, सिरगिट्टी और तिफरा औद्योगिक क्षेत्रों के 50 से अधिक उद्योगपति छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। उद्योगपतियों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति का कोई निश्चित भरोसा नहीं रह गया है। कभी अचानक बिजली बंद हो जाती है तो कभी बार-बार ट्रिपिंग के कारण मशीनें बंद करनी पड़ती हैं।

उद्यमियों के मुताबिक, उद्योगों में मशीनों और उत्पादन प्रक्रियाओं को दोबारा शुरू करने में समय और अतिरिक्त खर्च लगता है। कई बार अचानक बिजली गुल होने से तैयार हो रहा माल खराब होने की आशंका भी बनी रहती है। इसके अलावा श्रमिकों की उपलब्धता, मशीनों का संचालन और निर्धारित समय पर ऑर्डर पूरा करने में भी परेशानी होती है। बिजली कटौती का सीधा असर उत्पादन लागत और कारोबार पर पड़ रहा है।

उद्योगपतियों ने अधिकारियों को बताया कि बिना पूर्व सूचना के बिजली बंद किए जाने से औद्योगिक इकाइयों की कार्ययोजना पूरी तरह प्रभावित हो जाती है। ऐसे में उद्योगों को आर्थिक नुकसान के साथ ग्राहकों के सामने भी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने मांग की कि औद्योगिक क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, बार-बार होने वाली ट्रिपिंग पर रोक लगाई जाए और आवश्यक शटडाउन की स्थिति में पहले से सूचना दी जाए।

उद्यमियों ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक विकास के लिए बेहतर बिजली व्यवस्था बेहद जरूरी है। यदि विद्युत आपूर्ति की यही स्थिति बनी रही तो उद्योगों के संचालन पर इसका और गंभीर असर पड़ सकता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से समस्या का स्थायी समाधान निकालने और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।

Admin

Reporter