तीज उत्सव में जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो को ट्रक ने मारी टक्कर, 9 की मौत
भंडारा/नागपुर। एनएच-53 पर शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन मासूम बच्चों और पांच महिलाओं समेत नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें छह मासूम बच्चे भी शामिल हैं। सभी श्रद्धालु नागपुर में आयोजित तीज उत्सव में शामिल होने जा रहे थे।

हादसा 11 सितंबर की भोर करीब 3:31 बजे महाराष्ट्र के भंडारा जिले के लाखनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मौजा मुंडीपार गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक श्रद्धालुओं से भरी महिंद्रा बोलेरो सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया। दुर्घटना में नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
तीज उत्सव की खुशियां मातम में बदलीं
नागपुर में आयोजित तीज उत्सव में शामिल होने निकले परिवारों को इस दर्दनाक हादसे ने गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मासूम बच्चों समेत नौ लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
