सदर बाजार में भरभराकर गिरी जर्जर बिल्डिंग, टला बड़ा हादसा
रायपुर। राजधानी के सबसे व्यस्त कारोबारी इलाकों में शामिल सदर बाजार में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जर्जर बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। जिस वक्त यह हादसा हुआ, इमारत के आसपास बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी थी और नीचे दुकानें भी संचालित हो रही थीं। ऐसे में बिल्डिंग का गिरना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था।

गनीमत रही कि इमारत गिरने से कोई व्यक्ति मलबे की चपेट में नहीं आया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अचानक बिल्डिंग गिरने से आसपास मौजूद दुकानदारों और लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पहुंचा निगम अमला
घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों और कर्मचारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद मलबा हटाने और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
सदर बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में जर्जर इमारत के गिरने की घटना ने एक बार फिर शहर में खतरनाक और पुराने भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। समय रहते ऐसे भवनों की पहचान और कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में गंभीर हादसा हो सकता है।
