कांग्रेस की सरकार से मांग: 400 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना बहाल हो,
रायपुर। कांग्रेस ने प्रेसवार्ता के दौरान राज्य सरकार के सामने बिजली से जुड़े मुद्दों पर कई प्रमुख मांगें रखीं। पार्टी ने 400 यूनिट तक की हाफ बिजली बिल योजना को दोबारा लागू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।

कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था का भी विरोध करते हुए सरकार से इसे तत्काल हटाने की मांग की। पार्टी का कहना है कि यदि सरकार स्मार्ट मीटर योजना जारी रखना चाहती है तो इसे पूरी तरह ऐच्छिक (वैकल्पिक) बनाया जाए, न कि आम लोगों पर जबरन थोपा जाए।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से उपभोक्ताओं की राय का सम्मान करते हुए स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता समाप्त करने और जनता को विकल्प देने की मांग की।
कांग्रेस ने कहा कि सरकार को जनहित को प्राथमिकता देते हुए बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए हाफ बिजली बिल योजना को पुनः लागू करना चाहिए तथा स्मार्ट मीटर को लेकर पारदर्शी और सहमति आधारित नीति अपनानी चाहिए।
