मूसलाधार बारिश से बिलासपुर बेहाल, रेलवे ट्रैक डूबे; कई मेमू-पैसेंजर ट्रेनें रद्द
बिलासपुर|– लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने बिलासपुर शहर की रफ्तार थाम दी है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर स्टेशन और यार्ड में रेलवे ट्रैक जलमग्न होने से रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया। ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण रेलवे प्रशासन को सुरक्षा के मद्देनजर कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।

भारी बारिश का असर केवल रेलवे तक ही सीमित नहीं रहा। शहर की कई प्रमुख सड़कें और निचले इलाके जलमग्न हो गए। निचली बस्तियों में घरों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, वीवीआईपी कॉलोनियां भी जलभराव से अछूती नहीं रहीं, जिससे नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
जलभराव के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा और लोगों को घंटों जाम तथा आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रशासन की टीमें जल निकासी और राहत कार्य में जुटी हैं। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, क्षेत्र में अगले 24 घंटे तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
