स्वास्थ्य मंत्रालय का फर्जी अफसर बनकर ठगी, बिहार का आरोपी रायपुर से
रायपुर। रायपुर पुलिस ने खुद को स्वास्थ्य मंत्रालय का सहायक आयुक्त बताकर लोगों से ठगी करने वाले बिहार निवासी रजनीश कुमार राय को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी पहचान पत्रों और झूठी पहचान के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाकर रकम ऐंठता था। जांच में उसके खिलाफ कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ट्रेन यात्रा के दौरान एक डीएसपी से दोस्ती कर खुद को स्वास्थ्य मंत्रालय का वरिष्ठ अधिकारी बताया और विश्वास में लेकर उनसे पांच लाख रुपये की मांग की। संदेह होने पर मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर बिहार और छत्तीसगढ़ में दो दर्जन से अधिक लोगों को ठगी का शिकार बना चुका है। वह खुद को सरकारी अधिकारी बताकर लोगों का विश्वास जीतता था और विभिन्न बहानों से पैसे मांगता था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से फर्जी दस्तावेज और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। मामले में पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि ठगी के इस नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति की सरकारी पहचान और दावों की पुष्टि किए बिना आर्थिक लेन-देन न करें।
