खारून नदी में बहीं 25 भैंसें, दो के शव मिले; मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीण
रायपुर। राजधानी के उरला क्षेत्र स्थित खारून नदी में सोमवार को 25 भैंसें तेज बहाव और जलकुंभी में फंसकर बह गईं। घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान दो भैंसों के शव बरामद किए गए, जबकि शेष मवेशियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, तेज बहाव और नदी में फैली जलकुंभी के कारण भैंसें बाहर नहीं निकल सकीं और पानी में बह गईं। घटना से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्रशासन की कथित लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने बेरला-उरला मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण मार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को उचित कार्रवाई और सहायता का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर यातायात बहाल कराया गया।
प्रशासन ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम लापता मवेशियों की तलाश में जुटी है। साथ ही प्रभावित पशुपालकों को नियमानुसार मुआवजा देने के लिए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
