बेटे की शादी के लिए जीपीएफ राशि निकालने के बदले मांगी रिश्वत, सिंचाई विभाग का कर्मचारी एसीबी के हत्थे चढ़ा
दुर्ग। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने सिंचाई विभाग के सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी शिवकुमार ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक कर्मचारी से उसके बेटे की शादी के लिए जीपीएफ (सामान्य भविष्य निधि) की राशि निकालने की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नंदकुमार कांमडे ने अपने बेटे के विवाह के लिए जीपीएफ से राशि निकालने हेतु सिंचाई विभाग में आवेदन दिया था। आरोप है कि आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने और भुगतान जारी कराने के बदले सहायक ग्रेड-2 शिवकुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
रिश्वत की मांग से परेशान प्रार्थी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। जैसे ही आरोपी ने प्रार्थी से 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगा रही है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
