109 किलो 235 ग्राम गांजा बरामद, बक्सर का आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 109 किलो 235 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में बिहार के बक्सर जिले के निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

https://www.instagram.com/reel/Ddtbukki1O-/?utm_source=ig_web_copy_link&stkn=MzRlODBiNWFlZA==
पुलिस के अनुसार कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोलेरो पिकअप वाहन के जरिए ओडिशा से गांजा बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू कर दी और क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रहे एक बोलेरो पिकअप वाहन को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। वाहन की जांच के दौरान डाले के नीचे बनाए गए गुप्त चैंबर का पता चला। चैंबर खोलने पर उसमें छिपाकर रखे 100 पैकेट गांजा बरामद किए गए। तौल करने पर गांजे का कुल वजन 109 किलो 235 ग्राम निकला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने वाहन चालक योगीराज निवासी बक्सर, बिहार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली बलरामपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब गांजा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस की कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

