नगर पंचायत कुंरा में ऑनलाइन आरटीआई व्यवस्था बेपटरी, दो साल से पोर्टल ठप
ऑनलाइन पोर्टल तक नहीं खोल पा रहे अधिकारी-कर्मचारी, जन सूचना अधिकारी को भी व्यवस्था की जानकारी नहीं
रायपुर। सूचना के अधिकार को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए प्रदेश में ऑनलाइन RTI पोर्टल की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन नगर पंचायत कुंरा में इसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। आवेदकों के अनुसार, यहां करीब दो वर्षों से ऑनलाइन RTI आवेदनों के निराकरण की व्यवस्था प्रभावित है। स्थिति यह है कि नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी ऑनलाइन पोर्टल तक नहीं खोल पा रहे हैं।
सबसे अहम बात यह है कि नगर पंचायत के जन सूचना अधिकारी (PIO) को भी ऑनलाइन RTI आवेदन की वर्तमान स्थिति और उसके निराकरण की प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी नहीं होने की बात सामने आई है। इससे उन नागरिकों की परेशानी बढ़ रही है, जिन्होंने सूचना के अधिकार के तहत ऑनलाइन आवेदन किया है और अपने आवेदन के जवाब का इंतजार कर रहे हैं।
प्रदेश में ऑनलाइन RTI के माध्यम से आवेदन की सुविधा का उद्देश्य नागरिकों को बिना कार्यालय पहुंचे सूचना प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाना है। ऐसे में किसी नगरीय निकाय में लंबे समय से पोर्टल संबंधी दिक्कत बने रहना व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
सीएमओ से जवाब मांगने पर भी स्थिति स्पष्ट नहीं
मामले को लेकर नगर पंचायत कुंरा के सीएमओ से संपर्क कर जवाब जानने का प्रयास किया गया, लेकिन ऑनलाइन RTI पोर्टल और लंबित आवेदनों के संबंध में कोई स्पष्ट और संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका।
अब सवाल यह है कि यदि पोर्टल तकनीकी कारणों से काम नहीं कर रहा है तो इसकी जानकारी संबंधित विभाग को कब दी गई और इसे ठीक कराने के लिए क्या कदम उठाए गए? साथ ही, ऑनलाइन आवेदन कर चुके नागरिकों के आवेदनों का नियमानुसार निराकरण कैसे होगा?
मामले में संबंधित उच्च अधिकारियों से ऑनलाइन RTI व्यवस्था की स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई और व्यवस्था बहाल करने की उम्मीद है, ताकि सूचना के अधिकार के लिए शुरू की गई ऑनलाइन सुविधा का लाभ आम नागरिकों को मिल सके।

