मोवा में होर्डिंग पोल से लटका मिला युवक का शव, सिर पर चोट के निशान
रायपुर। राजधानी के मोवा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अंभुजा मॉल के सामने एक युवक का शव होर्डिंग पोल से गमछे के सहारे लटका मिला। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मोवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

https://www.instagram.com/reel/Dd3ZwgEik8B/?utm_source=ig_web_copy_link&stkn=MzRlODBiNWFlZA==
जानकारी के मुताबिक, मोवा इलाके में किया कार शोरूम के पास स्थित होर्डिंग पोल पर युवक का शव लटका हुआ मिला। आसपास मौजूद लोगों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई।
प्रारंभिक जांच के दौरान युवक के सिर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। इसके चलते पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी संभावित पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि युवक की गतिविधियों और घटनास्थल तक पहुंचने से जुड़ी जानकारी सामने आ सके।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और शरीर पर मिले चोट के निशानों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल युवक की मौत आत्महत्या है या किसी अन्य वजह से उसकी मौत हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक की पहचान होने के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
