डुंडा में महिला की हत्या का खुलासा, दुष्कर्म के प्रयास का विरोध करने पर
रायपुर। मुजगहन थाना क्षेत्र के डुंडा स्थित सुनसान प्लाट में मिली महिला की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान सुभद्रा साहू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सुभद्रा साहू घरों में काम करने जाती थी। घटना वाले दिन भी वह काम के लिए निकली थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी ने उसे रोक लिया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला ने इसका विरोध किया, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी और शव को डुंडा के सुनसान प्लाट में छोड़कर फरार हो गया।
महिला का शव मिलने के बाद मुजगहन पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और दुष्कर्म के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
