FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़जुर्मरायपुर

पुलिस हिरासत में युवक की मौत के आरोप से बवाल, परिजनों ने घेरा थाना

जांजगीर-चांपा। चांपा थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक युवक की कथित मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। युवक की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने चांपा थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। स्थिति को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

https://youtu.be/kCXU5VNxLI0?si=nFild6qAD8LTVdmw

शराब बिक्री के आरोप में युवक को ले जाने का दावा

मृतक के परिजनों का आरोप है कि बुधवार को चांपा पुलिस ने मेहंदीपारा स्थित उनके घर पर दबिश दी थी। पुलिस ने युवक पर अवैध शराब बिक्री का आरोप लगाते हुए उसे अपने साथ थाने ले गई। कुछ समय बाद परिजनों को सूचना दी गई कि युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है।

मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने पुलिस पर युवक के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया। परिजनों का दावा है कि थाने में कथित पिटाई के बाद युवक की तबीयत बिगड़ी और बाद में उसकी मौत हो गई। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

न्यायिक जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

परिजनों ने मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जुट गए, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।

एसपी ने आरक्षक को किया निलंबित

परिजनों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी विजय कुमार पांडेय ने तत्काल एक आरक्षक को निलंबित कर दिया है। वहीं, एडिशनल एसपी ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारण और पुलिस कार्रवाई से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Admin

Reporter