दहेज का टीवी खरीदने निकले थे, हाईवा की टक्कर ने छीन ली जिंदगी
बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। परिवार में होने वाली शादी के लिए दहेज में देने हेतु टीवी खरीदने जा रहे स्कूटी सवार दो लोगों को तेज रफ्तार हाईवा ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई, जिससे शादी वाले घर में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों स्कूटी से टीवी खरीदने के लिए निकले थे। इसी दौरान पचपेड़ी क्षेत्र में सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की तैयारियां और खुशियों का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
