रायपुर में कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश नाकाम, दिल्ली-बिहार
रायपुर। राजधानी रायपुर में बड़ी डकैती की साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स को निशाना बनाकर डकैती की योजना बना रहे तीन युवकों को गुढ़ियारी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी से एक बड़ी आपराधिक वारदात टल गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवांश शर्मा (19) निवासी दिल्ली, सुशांत कुमार पासवान (19) निवासी दिल्ली और मयंक सिंह (19) निवासी बिहार के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 19 वर्ष बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश रची थी। गुप्त सूचना और सतर्क निगरानी के आधार पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों को वारदात को अंजाम देने से पहले ही दबोच लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, आरोपियों ने हथियारों और अन्य संसाधनों की व्यवस्था कैसे की थी तथा क्या उनका किसी अंतरराज्यीय गिरोह से संबंध है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से राजधानी में एक बड़ी डकैती की घटना टल गई। मामले में आगे की जांच जारी है।
